सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे, साथ ही जनसुनवाई, समीक्षा बैठक और स्थानीय कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। दौरे में अदानी CSR परियोजना का उद्घाटन भी प्रमुख रूप से शामिल है।
25 अप्रैल का कार्यक्रम
सिंधिया सुबह 10:40 बजे टूरिस्ट विलेज शिवपुरी से कोलारस के न्यू बस स्टैंड पहुंचेंगे। यहां प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बालक-बालिका छात्रावास, जनपद पंचायत भवन, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, नए बस स्टैंड और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भूमिपूजन एवं उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे एप्रोच रोड और जैन बस्ती कोलारस में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
दोपहर 12:35 बजे लुकवासा में जनसुनवाई होगी। इसके बाद दोपहर 2:50 बजे बदरवास के बुडा डोंगर में अदानी CSR परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा। आगे सीएम राइज स्कूल परिसर में जनपद पंचायत भवन, आईटीआई भवन और छात्रावासों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण होगा।
शाम को रन्नौद में तहसील भवन और 30 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके बाद गणेश कॉलोनी, फतेहपुर, रातौर, कृष्णपुरम कॉलोनी और झांसी तिराहा क्षेत्र में स्थानीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। रात्रि विश्राम टूरिस्ट विलेज शिवपुरी में होगा।
26 अप्रैल का कार्यक्रम
सुबह 10:10 बजे कलेक्ट्रेट शिवपुरी में दिशा बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसके बाद भोंती में जनसुनवाई और पिछोर में स्थानीय कार्यक्रम होंगे, जहां तहसील भवन का उद्घाटन किया जाएगा।
शाम 6:30 बजे सीएम राइज स्कूल शिवपुरी में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें 39 वार्डों की सड़क परियोजनाएं, सीएम राइज स्कूल का उद्घाटन, 80 आवासों के कब्जा पत्र एवं 48 आवासों के स्वीकृति पत्र वितरण, अपशिष्ट उपचार संयंत्र का भूमिपूजन, कायाकल्प योजना के तहत 9 सड़कों का निर्माण तथा पोहरी बस स्टैंड और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन शामिल है।
इसके बाद वृंदावन कॉलोनी, न्यू पुलिस कंट्रोल रूम, पुरानी शिवपुरी, कोर्ट रोड, सिद्धेश्वर कॉलोनी और फिजिकल रोड क्षेत्र में विभिन्न स्थानीय कार्यक्रम आयोजित होंगे।
27 अप्रैल का कार्यक्रम
दौरे के अंतिम दिन सुबह टूरिस्ट विलेज में नाश्ते के बाद सिंधिया मेधावी छात्रों से संवाद करेंगे। इसके पश्चात ग्राम कोटा भगोरा में जनसुनवाई आयोजित होगी। इसके बाद वे सतनवाड़ा स्थित एनटीपीसी कॉलेज पहुंचकर इंजीनियरिंग कॉलेज का निरीक्षण करेंगे और छात्रों से बातचीत करेंगे।
दौरे के समापन पर वे ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।