खनियाधाना में भीषण आग: फर्नीचर गोदाम जलकर खाक, लाखों का नुकसान

Nikk Pandit
0


सागर शर्मा शिवपुरी;खबर शिवपुरी जिले के खनियाधाना में थाना रोड स्थित तुलसी होटल के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक फर्नीचर गोदाम में अचानक आग भड़क उठी।

यह गोदाम सद्दाम खान का बताया जा रहा है, जहां सोफा, डबल बेड और अन्य लकड़ी का फर्नीचर तैयार किया जाता था।सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने गोदाम से धुआं उठता देखा, जिसके बाद तुरंत मालिक और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया।

दमकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू करने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। हालात ऐसे बन गए कि नगर के पानी के टैंकर भी बुलाने पड़े और आग बुझाने के लिए गोदाम की एक दीवार तक तोड़नी पड़ी। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक गोदाम में रखा लगभग सारा फर्नीचर जलकर राख हो चुका था। इस हादसे में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

गनीमत रही कि आग लगने के समय गोदाम में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं—क्या यह शॉर्ट सर्किट था या लापरवाही?

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर इस भीषण आग के पीछे की असली वजह क्या सामने आती है और क्या जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई होगी।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)