शिवपुरी में शिक्षा व्यवस्था की खुली पोल! स्कूल बंद, शिक्षक नदारद… कलेक्टर का एक्शन

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी में शासकीय स्कूलों की हालत पर बड़ा खुलासा हुआ है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के औचक निरीक्षण में कई स्कूल बंद मिले, तो कहीं शिक्षक ही गायब पाए गए। इस लापरवाही पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए डीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है और एसडीएम स्तर पर भी कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार सुबह कलेक्टर अचानक निरीक्षण पर पहुंचे और माध्यमिक विद्यालय सिंहनिवास व शासकीय माध्यमिक विद्यालय खौरघार का जायजा लिया। यहां चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई—खौरघार स्कूल पूरी तरह बंद मिला, जबकि सिंहनिवास में 5 शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। तय समय सुबह 7:30 बजे का है, लेकिन 8 बजे तक भी व्यवस्था पटरी पर नहीं दिखी, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।

इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। कलेक्टर ने साफ कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है। साथ ही सभी एसडीएम और तहसीलदारों को लगातार औचक निरीक्षण करने और शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इधर करैरा एसडीएम अनुराग निंगवाल भी मैदान में उतर गए। उन्होंने करीब आधा दर्जन स्कूलों का निरीक्षण किया, जहां प्राथमिक विद्यालय बम्हारी सुबह 9:55 बजे तक बंद मिला, वहीं माध्यमिक और हाई स्कूल बम्हारी में दो-दो अतिथि शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। एसडीएम ने इसे गंभीर मानते हुए संबंधित शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भेज दिया है।

गौरतलब है कि गर्मी के चलते जिले में स्कूलों का समय सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है, लेकिन इसके बावजूद स्कूल बंद मिलना और शिक्षक नदारद रहना कई सवाल खड़े करता है—
❓ क्या सिस्टम में जिम्मेदारी खत्म हो चुकी है?
❓ क्या बच्चों की पढ़ाई अब भगवान भरोसे है?
❓ क्या इस सख्ती के बाद हालात सुधरेंगे?

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)