सागर शर्मा E C G: खबर शिवपुरी जिले के करैरा में हुए थार एक्सीडेंट मामले ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने एक वीडियो जारी कर SDOP आयुष जाखड़ को खुली चेतावनी दी है।
उन्होंने तीखे शब्दों में कहा— “करैरा तेरे डैडी का नहीं है… औकात में रहो” और आगे जोड़ा कि उनका बेटा दिनेश लोधी करैरा आएगा और चुनाव भी लड़ेगा, अगर रोकना है तो रोक कर दिखाओ। इस बयान के बाद जिले की सियासत और प्रशासनिक माहौल दोनों गरमा गए हैं।
दरअसल, 16 अप्रैल की सुबह करीब 7:30 बजे दिनेश लोधी की थार ने पहले सड़क पर पैदल चल रही सीता वर्मा और पूजा सोनी को टक्कर मारी, इसके बाद बाइक सवार संजय परिहार और उसके साथियों को भी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कुल 5 लोग घायल हुए थे।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दिनेश लोधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर थार वाहन जब्त कर लिया था। बाद में कोर्ट के आदेश के बाद रविवार को दिनेश करैरा थाने पहुंचा, जहां SDOP आयुष जाखड़ और थाना प्रभारी विनोद छावई ने उससे पूछताछ की।
जांच के दौरान गाड़ी में ब्लैक फिल्म और हूटर पाया गया, जिस पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया गया और आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।
इसी कार्रवाई को लेकर विधायक प्रीतम लोधी भड़क गए। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद SP से कहकर एफआईआर दर्ज कराई, गाड़ी भिजवाई और बेटे को भी थाने भेजा, लेकिन SDOP का रवैया उन्हें समझ नहीं आ रहा। उनका आरोप है कि इस हादसे को जरूरत से ज्यादा उछाला गया, जबकि कई पुराने एक्सीडेंट के मामले सालों से लंबित पड़े हैं और उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
विधायक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्रवाई वहीं होती है जहां पैसा मिलता है। उन्होंने एक आदिवासी महिला की मौत का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या उस मामले में SDOP मौके पर पहुंचे या जांच की गई?
उनका कहना है कि गरीबों को न्याय नहीं मिलता, जबकि प्रभावशाली मामलों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारी अपनी औकात में रहें और कानून के दायरे में काम करें, क्योंकि कानून उन्हें भी आता है।
वहीं, SDOP आयुष जाखड़ ने स्पष्ट किया कि पूरी कार्रवाई कानून के तहत की गई है। नियमानुसार पूछताछ की गई, वाहन पर लगी ब्लैक फिल्म और हूटर पर चालान किया गया और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है।
विधायक ने इतिहास देखने लेने की सलाह दी... उनके 5 पुराने विवाद पढ़िए...
अगस्त 2022 : कहा- पंडित आपको पागल बनाते हैं; सुंदर महिलाओं को आगे बैठाते हैं
प्रीतम लोधी ने कहा, कथावाचक सहित पंडित आपको नवरात्रि के 9 दिन रोजाना 7-8 घंटे तक पागल बनाते हैं। कहते हैं कि अगर तुम दान करोगे तो भगवान तुमको देगा। महिलाएं इनकी बातों में आ जाती हैं और दूध, घी, दही अपने बच्चों को खिलाने की बजाय इन्हें दे देती हैं।
ब्राह्मण 9 दिन तक आपको उल्लू बनाने और बातें करने के आपसे 25 से 50 हजार रुपए भी लेता है। इतना ही नहीं ये लोग सुंदर महिलाओं के घर चयन करते हैं। उनके घर जाकर कहते हैं, महाराज आज शाम का भोजन आपके यहीं करेंगे, लेकिन इनकी नजर कहीं और ही होती है।
कथा के दौरान यह कहते हैं कि 20 से 30 साल की महिलाएं आगे बैठ जाओ। 30 से 45 साल की महिलाएं बीच में और बुजुर्ग महिलाएं पीछे बैठ जाओ। इसके बाद यह गाने गा-गाकर उन्हें नचवाते हैं और खुद ऊपर बैठे आनंद लेते हैं।
लोधी का ये वीडियो सामने आने के बाद पार्टी ने निष्कासित कर दिया था। पुलिस ने केस दर्ज किया था। लोधी वीरांगना रानी अवंति बाई लोधी की 191 वीं जयंती पर शिवपुरी जिले के बदरवास के ग्राम खरैह में एक सम्मान समारोह में पहुंचे थे।
अक्टूबर 2022 : 'बंदूक उठाने' वाला बयान वायरल
भाजपा से निष्कासन के बाद उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे समर्थकों को कथित तौर पर “बंदूक उठाने" और विरोधियों को सबक सिखाने की बात कहते नजर आए। वीडियो वायरल होने के बाद इस बयान को लेकर भी काफी विवाद हुआ और उनके तेवरों पर सवाल उठे।
जनवरी 2025 : थानों और एसडीओपी कार्यालयों में बिठाए विधायक प्रतिनिधि
प्रीतम ने पिछोर विधानसभा में 27 विधायक प्रतिनिधि नियुक्त कर दिए। हर थाने और एसडीओपी दफ्तर के लिए अलग-अलग प्रतिनिधि भी तय किए। इस पर कांग्रेस ने पलटवार किया है कि मोहन सरकार में पुलिस थाने दलाली के अड्डे हो गए हैं।
तब लोधी ने कहा था कि मैं आज तक अपने कार्यालय में विधायक की कुर्सी पर नहीं बैठा। मैं हर दिन अपने क्षेत्र में किसी नए व्यक्ति को विधायक की कुर्सी पर बैठाता हूं। उस दिन उससे ही फैसले लेने कहता हूं। इसी तरह हर विभाग में प्रतिनिधि बनाने का लक्ष्य रखा है। कई विभाग में प्रतिनिधि बना दिए हैं, जिन विभागों में नहीं बनाए हैं उनमें भी जल्दी ही बनाऊंगा। मैं चाहता हूं कि मेरे क्षेत्र का हर इंसान खुद को विधायक महसूस करे।
जून 2025 : प्रीतम ने कहा था- देश में चलेगा
मोदी-लोधी सिक्का
केंद्र सरकार के जातिगत जनगणना कराने के फैसले के बाद प्रीतम ने भोपाल में कहा- देश में मोदी और लोधी का सिक्का चलेगा। जातिगत जनगणना से ओबीसी समाज का बहुत भला होने वाला है। ओबीसी समाज इससे उभर कर आएगा।
इससे पहले अप्रैल में उन्होंने कहा था कि देश में मोदी और लोधी का सिक्का चलेगा। जातिगत जनगणना से ओबीसी समाज का बहुत भला होने वाला है। ओबीसी समाज इससे उभर कर आएगा। सरकारों में भागीदारी बन सकती है, तो लोधी एंड मोदी बन सकता है। ये भी एक सिक्का चल जाएगा। इससे समझ लीजिए, देश का कितना भला होगा।
जुलाई 2025 : सड़कों की तुलना एक्ट्रेस श्रीदेवी के गालों से
प्रीतम लोधी ने कहा कि दिग्विजय सिंह के समय सड़कें ओम पुरी जैसी हुआ करती थीं। अब हमारे समय में तो सड़कें श्रीदेवी जैसी कर दी हैं, लेकिन अभी पानी गिर रहा है। अभी इंद्र भगवान से समझौता होना है।
इसे कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने महिलाओं का अपमान बताया। उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा-महिलाओं का अपमान, भगवान की अवमानना और भ्रष्टाचार की खुली दलाली यही बीजेपी की पहचान है।