बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के पास से एक युवक को 11.53 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशानुसार जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, भागते आरोपी को दबोचा
रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति रेलवे स्टेशन के आसपास स्मैक बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रिंकू रजक (30 वर्ष) पुत्र सियानंद रजक निवासी हनुमान मंदिर के पास, फतेहपुर, शिवपुरी बताया।
तलाशी में मिली 11.53 ग्राम स्मैक
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी की लोअर की बाईं जेब से एक पारदर्शी पन्नी में रखी 11.53 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त स्मैक की बाजार कीमत लगभग ढाई लाख रुपए है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
कोतवाली पुलिस ने मौके पर ही स्मैक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 427/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि स्मैक कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पूछताछ में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिवपुरी को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। बाहर के जिलों और राज्यों से नशीले पदार्थों की तस्करी कर शहर में सप्लाई करने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। सूचना मिलने पर ऐसे तस्करों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नशे के खिलाफ पुलिस का सख्त संदेश
"नशे का कारोबार करने वालों के लिए शिवपुरी में कोई जगह नहीं है। कानून तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।"