कोलारस में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: दो खाद-बीज प्रतिष्ठान सील, अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर कसा शिकंजा

Nikk Pandit
0
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर संयुक्त टीम की छापामार कार्रवाई, सैकड़ों बैग उर्वरक और खाद मिली

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में किसानों को निर्धारित दरों पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देश पर राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने कोलारस तहसील के ग्राम खरई में दो खाद-बीज प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया।

एसडीएम कोलारस अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं अनियमित बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

 घर में मिला उर्वरक और खाद का बड़ा भंडार

जांच के दौरान जय मां वैष्णो उर्वरक भंडार के संचालक रामकृष्ण वर्मा के निवास पर करीब 100 बैग एनपीके उर्वरक और 250 बैग कार्बनिक खाद का भंडारण पाया गया। टीम को परिसर के एक बंद कमरे में भी बड़ी मात्रा में उर्वरक के बैग मिले। निरीक्षण के दौरान विक्रेता मौके पर मौजूद नहीं था।

जांच दल पहुंचा तो दुकान बंद कर भागा संचालक

इसी दौरान रवि खाद बीज भंडार की जांच के लिए टीम पहुंची तो संचालक दुकान बंद कर मौके से चला गया। दोनों प्रतिष्ठानों में संदिग्ध परिस्थितियां पाए जाने के बाद प्रशासन ने आगे की विस्तृत जांच के लिए दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया।

किसानों के हित में सख्त निगरानी

प्रशासन का कहना है कि किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी स्तर पर अनियमितता, जमाखोरी या अवैध बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश

"किसानों के हक पर डाका डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध भंडारण करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।"
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)