कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 14 लाख की स्मैक और स्विफ्ट कार जब्त, तस्कर गिरफ्तार

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 33.87 ग्राम स्मैक और एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को नशीले पदार्थों की बिक्री और परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे द्वारा विशेष टीम गठित कर यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेडिकल कॉलेज शिवपुरी के सामने कच्चे रास्ते पर एक व्यक्ति स्मैक बेचने की नियत से खड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति स्विफ्ट कार के पास खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हफीज पुत्र रफीक मोहम्मद उम्र 38 वर्ष निवासी हिम्मतगढ़ थाना पनिहार जिला ग्वालियर, हाल निवासी गोल पहाड़िया ग्वालियर बताया। तलाशी लेने पर आरोपी की लोअर की जेब से एक पारदर्शी पन्नी में रखी 33.87 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।

आरोपी स्मैक को अवैध रूप से बेचने की तैयारी में था।
पुलिस ने मौके पर ही स्मैक और बिना नंबर की स्विफ्ट कार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार की कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 417/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी स्मैक तस्करी के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है और आदतन अपराधी है। थाना कोतवाली के एक अन्य एनडीपीएस मामले में भी आरोपी का नाम सामने आया था, जिसके बाद उसे धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत भी आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा आरोपी पर थाना पनिहार जिला ग्वालियर में मारपीट का मामला भी दर्ज है।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि शिवपुरी शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। बाहर से आकर शहर में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले तस्करों की जानकारी जुटाई जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण त्रिवेदी, सहायक उपनिरीक्षक विवेक भट्ट, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र, जितेन्द्र रायपुरिया, विनय सिंह, अवतार सिंह, मोहन चौहान सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)