बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बैराड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाथ भट्टी की बनी 100 लीटर कच्ची शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में अवैध शराब और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना बैराड पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 की सुबह थाना बैराड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बेडिया रोड स्थित मांगीलाल रावत के खेत के पास दो व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध हाथ भट्टी की कच्ची शराब लेकर बैठे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सोनू उर्फ सोहन परिहार पुत्र तेज सिंह परिहार उम्र 36 वर्ष निवासी बरोद रोड लोहपीटा मोहल्ला बैराड तथा पंकज पुत्र धर्मवीर उर्फ दामोदर परिहार उम्र 24 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 11 गायत्री कॉलोनी बैराड बताए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो प्लास्टिक की केनों में भरी हाथ भट्टी की बनी 100 लीटर कच्ची शराब बरामद की। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक दशरथ सिंह राजपूत, आरक्षक शोभाराम मीणा, देवेन्द्र राठौर, हरिशंकर निगम, लोकेन्द्र सिंह और मनीष परिहार की विशेष भूमिका रही।