थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ की बड़ी कार्रवाई!फलदान कार्यक्रम में हर्ष फायर करने वाला दूल्हा 24 दिन बाद गिरफ्तार, लाइसेंसी बंदूक भी जब्त

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे के तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ ने एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फलदान कार्यक्रम में हर्ष फायर करने वाले आरोपी दूल्हे को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और खबरों के बाद पुलिस हरकत में आई और 24 दिन की तलाश के बाद आरोपी ममलेश यादव को दबोच लिया गया। इस कार्रवाई को लेकर इलाके में तेंदुआ पुलिस की जमकर चर्चा हो रही है।

मामला 17 अप्रैल की रात का है, जब तेंदुआ थाना क्षेत्र के कड़ेसरा गांव में फलदान कार्यक्रम के दौरान डीजे पर डांस करते हुए आरोपी ममलेश यादव ने लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर कर दिया था। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने सवाल उठाए कि आखिर खुलेआम इस तरह जान जोखिम में डालने वालों पर कार्रवाई कब होगी?

मामले को गंभीरता से लेते हुए तेंदुआ थाना पुलिस ने 19 अप्रैल को आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 58/26 के तहत धारा 110 बीएनएस में मामला दर्ज किया। इसके बाद थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। आखिरकार बुधवार, 13 मई को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ममलेश यादव ने हर्ष फायर करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि जिस 315 बोर बंदूक से फायरिंग की गई थी, वह उसकी मां सुमन यादव के नाम पर लाइसेंसी थी। पुलिस ने बंदूक और शस्त्र लाइसेंस जब्त कर लिया है।

इतना ही नहीं, पुलिस ने आरोपी पर आर्म्स एक्ट की धारा 30 भी बढ़ा दी है और अब लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्ती जरूरी है।

इस कार्रवाई को “खबर का असर” भी माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और मामले के सुर्खियों में आने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाई और आरोपी को सलाखों तक पहुंचाया। क्षेत्र के लोग भी कह रहे हैं कि अगर इसी तरह सख्ती जारी रही, तो हर्ष फायर जैसी खतरनाक परंपराओं पर रोक लग सकती है।

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, एएसपी संजीव मुले और एसडीओपी संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। लेकिन इस पूरे मामले में तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ की सक्रियता और तत्परता की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, जिन्होंने आरोपी को पकड़कर यह संदेश दिया कि कानून से ऊपर कोई नहीं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)