सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की पोहरी थाना पुलिस ने सरसों से भरे ट्रक के गबन और आपराधिक न्यासभंग के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 26 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है। इसमें लगभग 11 लाख रुपए कीमत की 120 क्विंटल सरसों और करीब 15 लाख रुपए कीमत का ट्रक शामिल है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान ने बताया कि 5 मई 2026 को ग्राम तिघरा खोड़ निवासी दिनेश धाकड़ ने पोहरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि लगभग 20.62 लाख रुपए कीमत की 250 क्विंटल सरसों से भरा ट्रक अज्ञात लोगों द्वारा गबन कर लिया गया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू की।
साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रवि चौहान ने साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से दो विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों को मुरैना और धौलपुर भेजा गया, जहां लगातार तलाश के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
👮 चार आरोपी गिरफ्तार, धौलपुर से सरसों बरामद
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी छोटू जाटव, राजू शर्मा (ट्रक चालक) और जितेंद्र बाथम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रक को पोहरी अनाज मंडी से मुरैना होते हुए धौलपुर ले गए थे।
वहां रजौरा खुर्द गांव के व्यापारी अनिल मित्तल की मिलीभगत से 120 क्विंटल सरसों छिपाकर रखी गई थी, जबकि बाकी सरसों एक बिचौलिए के जरिए धौलपुर की एक फर्म को बेच दी गई।
पुलिस ने धौलपुर के रजौरा खुर्द गांव में दबिश देकर व्यापारी अनिल मित्तल के कब्जे से चोरी की गई 120 क्विंटल सरसों बरामद कर ली। इस कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।