ब्राह्मण महासभा की बैठक में समाज हित के मुद्दों पर मंथन, राजनीतिक चेतना और सवर्ण एकता पर जोर

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा सनातन जिला शिवपुरी की साप्ताहिक बैठक वार्ड क्रमांक 8 हाथीखाना कॉलोनी में श्रीमती नीलम पाठक के निवास पर आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंडित भानू प्रताप सिंह शर्मा, जिला अध्यक्ष पंडित पुरुषोत्तम कांत शर्मा एवं पार्षद पंडित प्रदीप कुमार शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी विप्र बंधुओं ने पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

बैठक में सबसे पहले पंडित कैलाश नारायण भार्गव ने स्वागत भाषण दिया, जिसके बाद सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। धार्मिक वातावरण के बीच समाज की वर्तमान स्थिति और भविष्य को लेकर गंभीर चर्चा हुई।

मुख्य अतिथि पंडित भानू प्रताप सिंह शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा पूरे जिले में जनजागरण अभियान चलाकर ब्राह्मण समाज में राजनीतिक चेतना जागृत करेगी। उन्होंने कहा कि समाज को अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होना होगा और संपूर्ण सवर्ण समाज के बीच एकता स्थापित करने की दिशा में कार्य करना होगा।

बैठक में समाज के उत्थान और विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। प्रस्तावों का वाचन पंडित प्रभु दयाल चतुर्वेदी ने किया। इनमें सवर्ण आयोग गठन, भगवान परशुराम जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने, आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने और EWS कोटा बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने जैसी मांगें प्रमुख रहीं।

इसके अलावा EWS वर्ग के विद्यार्थियों को अन्य वर्गों की तरह सुविधाएं देने, छात्रवृत्ति, फीस में छूट, आयु सीमा में राहत और कोचिंग सहायता देने की मांग भी उठाई गई। प्रतियोगी परीक्षाओं में नॉर्मलाइजेशन समाप्त करने तथा आय प्रमाण पत्र की समय सीमा 5 वर्ष करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

बैठक में मंदिरों पर से शासकीय नियंत्रण समाप्त करने, पुजारियों का मानदेय बढ़ाने और नियुक्ति वंश परंपरा के अनुसार किए जाने की मांग भी प्रमुखता से सामने आई। वहीं शासकीय सेवाओं में पदोन्नति में आरक्षण समाप्त करने और क्रीमी लेयर व्यवस्था लागू करने की बात कही गई।

सभी प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित किए गए और भगवान परशुराम के चरणों में समर्पित किए गए। बैठक में प्रेम प्रकाश बरुआ, सुरेश पाठक, सुरेंद्र पाठक, राजेंद्र पांडे, गजानंद शर्मा, ओमप्रकाश समाधिया, सुरेश पाराशर, विनोद शास्त्री, विशंभर दयाल दीक्षित, योग गुरु कैलाश नारायण मुद्गल, कुंज बिहारी पाराशर, देवेंद्र कुमार कन्हौआ, बालमुकुंद पुरोहित, श्रीमती कृष्णा शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन संभागीय सचिव महावीर मुद्गल ने किया, जबकि अंत में पंडित हरगोविंद शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)