करैरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 32 पेटी अवैध शराब जब्त, चालक फरार; झांसी से लाई जा रही थी खेप, 8.60 लाख का माल पकड़ा

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की करैरा थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 पेटी देशी और अंग्रेजी शराब से भरी एक मारुति फ्रॉन्क्स कार जब्त की है।
कार्रवाई के दौरान चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने शराब और वाहन को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 8 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है।

थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थ, शराब, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार और खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश नंबर की मारुति फ्रॉन्क्स कार झांसी की ओर से करैरा की तरफ आ रही है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और हाईवे पर स्थित कृष्णा ढाबा के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू कर दी गई।

वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक ने कार को अचानक ढाबे की तरफ मोड़ दिया और अंधेरे व मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल कार को कब्जे में लेकर तलाशी शुरू की तो अंदर शराब का बड़ा जखीरा मिला।

तलाशी के दौरान कार से 28 पेटी देशी प्लेन शराब, 2 पेटी देशी मसाला लाल और 2 पेटी वोल्ट कंपनी की बीयर कैन बरामद हुईं। कुल मिलाकर 294 बल्क लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। वहीं जब्त की गई मारुति फ्रॉन्क्स कार की कीमत लगभग 7 लाख रुपए आंकी गई है।

करैरा पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 328/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस कार्रवाई को करैरा पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबारियों, तस्करों और नशे के नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)