बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बैराड़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शुक्रवार को दो अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 5 लाख रुपए मूल्य की स्मैक जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 21.27 ग्राम स्मैक, 16,100 रुपए नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 मई को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गायत्री कॉलोनी बैराड़ में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने गायत्री कॉलोनी निवासी जीतू उर्फ जितेंद्र प्रजापति (32 वर्ष) को उसके घर के सामने से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11.87 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से 16,100 रुपए नकद और स्मैक तौलने में उपयोग होने वाला इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जीतू प्रजापति पहले भी स्मैक तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद वह फिर से नशे के कारोबार में सक्रिय हो गया था। पूछताछ के दौरान उसने कुछ कथित स्मैक सप्लायरों के नाम भी बताए हैं, जिनके संबंध में पुलिस आगे की जांच और कार्रवाई कर रही है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में बैराड़ पुलिस ने करीब दो माह से फरार चल रहे ब्रजेश उर्फ छोटू ओझा (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी बैराड़ के बरोड़ रोड क्षेत्र का निवासी है और उसका नाम 17 मार्च 2024 को दर्ज एक स्मैक तस्करी के मामले में सामने आया था। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस ने 28 मई की रात सिद्ध बाबा मंदिर के पास घेराबंदी कर ब्रजेश ओझा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.4 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार ब्रजेश ओझा के खिलाफ पहले से भी करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
लगातार सामने आ रहे स्मैक तस्करी के मामलों ने जिले में नशे के बढ़ते नेटवर्क को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर अब सप्लायरों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।