बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भौंती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 पेटी देशी शराब, कुल 63 लीटर अवैध मदिरा और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 1 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमति यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना भौंती पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 की रात थाना भौंती पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिपारा रोड पुलिया के पास अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP33 ZJ 9672 पर दो युवक आते दिखाई दिए, जिनके बीच में सफेद रंग की झाल रखी हुई थी।
पुलिस ने जब बाइक को रोकने का प्रयास किया तो पीछे बैठा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वहीं बाइक चला रहे युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कृपाल लोधी पुत्र रघुवीर लोधी उम्र 26 वर्ष निवासी गणेशखेड़ा चौकी खोड़ थाना भौंती जिला शिवपुरी बताया।
पुलिस ने बाइक पर रखी झाल की तलाशी ली तो उसमें 7 पेटी देशी प्लेन शराब मिली। कुल 350 क्वार्टर यानी 63 लीटर शराब बरामद हुई। जब आरोपी से शराब परिवहन का वैध लाइसेंस मांगा गया तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए शराब और बाइक को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना भौंती में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 170/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, प्रधान आरक्षक अभयराज सिंह, प्रधान आरक्षक मृत्युंजय सिंह, आरक्षक गजेन्द्र शर्मा, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह चौहान और आरक्षक राजेश आदिवासी की सराहनीय भूमिका रही