बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में चौकी मगरौनी थाना नरवर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 350 क्वार्टर देशी प्लेन शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 78 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार और अवैध शराब के विरुद्ध अभियान स्तर पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरवर निरीक्षक विनय यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 को चौकी मगरौनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP07-NQ-5122 पर दो प्लास्टिक के बोरे बांधकर अवैध शराब ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गढ़ोली तिराहा भितरवार-नरवर रोड पर घेराबंदी कर वाहन को रोका।
पुलिस ने जब बाइक की तलाशी ली तो पीछे बंधे दो सफेद प्लास्टिक के बोरों में देशी प्लेन शराब के क्वार्टर मिले। एक बोरे में 200 क्वार्टर और दूसरे बोरे में 150 क्वार्टर रखे हुए थे। कुल 350 क्वार्टर देशी मदिरा प्लेन, मात्रा 63 लीटर शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रतिपाल उर्फ गिर्राज पुत्र मनीराम बघेल उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम हरसी थाना बेलगढ़ा जिला ग्वालियर बताया। आरोपी शराब परिवहन का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए शराब और बाइक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब और मोटरसाइकिल की कुल कीमत करीब 78 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विनय यादव थाना प्रभारी नरवर, उपनिरीक्षक अभिमन्यु राजावत चौकी प्रभारी मगरौनी, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश यादव, प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र गुप्ता, आरक्षक सचिन यादव, रविन्द्र भास्कर और राघवेन्द्र तोमर की विशेष भूमिका रही।