शिवपुरी में सीएमओ इशांक धाकड़ का बड़ा एक्शनसुबह 7 बजे सड़क पर उतरी नगर पालिका टीम, गंदगी पर सख्ती; सफाई कर्मचारी निलंबित

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन और नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ के नेतृत्व में गुरुवार सुबह 7 बजे से नीलगर चौराहा से झांसी चौराहा स्थित हनुमान मंदिर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सीएमओ खुद सड़कों पर उतरे और सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण तथा प्लास्टिक उपयोग की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 19 स्थित बगिया वाले हनुमान मंदिर के सामने भारी गंदगी और टूटी जाली मिलने पर सीएमओ इशांक धाकड़ नाराज हो गए। जांच में सामने आया कि संबंधित सफाई कर्मचारी लंबे समय से क्षेत्र में सफाई कार्य नहीं कर रहा था। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए सफाई कर्मचारी हरिशंकर लॉट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। सीएमओ ने साफ कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अभियान के दौरान दुकानदारों, जूस सेंटर संचालकों, होटल, चाय-पान दुकानों और ठेला संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे दुकानों के सामने सफाई बनाए रखें और नगर पालिका की कचरा गाड़ियों में ही कचरा डालें। सड़क पर गंदगी फैलाने वालों को चेतावनी दी गई, जबकि कई स्थानों पर गंदे डस्टबिन जब्त कर दुकानदारों को साफ-सुथरे डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए।

🚫 स्वच्छता अभियान के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई। नगर पालिका टीम ने 2 किलो से अधिक प्लास्टिक सामग्री जब्त की, जिसमें प्लास्टिक चम्मच, डिस्पोजल सामग्री और पानी पाउच शामिल रहे। वहीं सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़ी गुमटियों और ठेलों को हटवाकर पीछे कराया गया, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो।

🍽️ काली माता मंदिर के सामने स्थित कुछ होटल और मिष्ठान भंडारों की रसोई का भी निरीक्षण किया गया। गंदगी मिलने पर दो होटल संचालकों पर ₹250-₹250 का चालान किया गया और उनके डस्टबिन जब्त कर लिए गए। सीएमओ ने होटल संचालकों को भविष्य में साफ-सफाई बनाए रखने की सख्त हिदायत दी।

नगर पालिका प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर में गंदगी फैलाने, प्लास्टिक उपयोग करने और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। सीएमओ इशांक धाकड़ की इस सख्त कार्यशैली की शहर में जमकर चर्चा हो रही है और लोग इसे स्वच्छ शिवपुरी की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)