सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन और नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ के नेतृत्व में गुरुवार सुबह नीलगर चौराहा स्थित सुभाष पार्क के पास बनी सब्जी मंडी में बड़ा अभियान चलाया गया। सुबह करीब 8 बजे नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और मंडी की व्यवस्थाओं, सफाई और अतिक्रमण की स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कई ठेला संचालकों ने मंडी क्षेत्र में अवैध कब्जा कर रखा था, जिससे पूरी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। कुछ लोगों द्वारा एक ही स्थान पर चार-चार और पांच-पांच ठेले लगाकर अन्य ठेला चालकों से अवैध रूप से किराया वसूला जा रहा था। नगर पालिका टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटवाए और सभी ठेला संचालकों को व्यवस्थित तरीके से एक-एक ठेला लगाने के निर्देश दिए।
सीएमओ इशांक धाकड़ ने मौके पर मौजूद ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में अवैध कब्जा, गंदगी फैलाने, प्लास्टिक उपयोग करने या मंडी की व्यवस्था खराब करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंडी में सभी ठेले निर्धारित स्थान पर ही लगाए जाएं और नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
अभियान के दौरान नगर पालिका द्वारा आवंटित कुछ दुकानों के किराए पर संचालित होने का मामला भी सामने आया। जांच में कई दुकानों को मूल आवंटियों द्वारा दूसरे लोगों को किराए पर दिए जाने की पुष्टि हुई। इस पर सीएमओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए तत्काल जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
वहीं मंडी के पीछे स्थित कॉलोनी के रहवासियों ने शिकायत की कि कुछ ठेला संचालकों द्वारा रास्तों पर कब्जा कर आवागमन बाधित किया जा रहा है। शिकायत मिलते ही नगर पालिका टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाया और रास्तों को कब्जा मुक्त कराया। इसके बाद सीएमओ ने कॉलोनी क्षेत्र की नालियों और सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। जहां सफाई व्यवस्था खराब मिली, वहां सफाई कर्मचारियों और सफाई दरोगाओं को फटकार लगाई गई।
सीएमओ इशांक धाकड़ ने साफ शब्दों में कहा, “मुझे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर परिणाम चाहिए।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी क्षेत्र की सफाई और व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन ने व्यापारियों और ठेला संचालकों से डस्टबिन उपयोग करने, प्लास्टिक बंद करने और मंडी क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की है।
नगर पालिका द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी मंडी क्षेत्र में हुई कार्रवाई और व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर प्रशासन की सराहना की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में गंदगी, अतिक्रमण और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।