सागर शर्मा शिवपुरी:खबर मध्यप्रदेश में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत शिवपुरी जिले को नई पुलिस अधीक्षक मिल गई हैं। 2013 बैच की आईपीएस अधिकारी यांगचेन डोलकर भूटिया को शिवपुरी का एसपी नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे इंदौर देहात में एसपी के पद पर कार्यरत थीं, जहां उन्होंने अपनी सख्त और प्रभावी कार्यशैली से बेहतर कानून व्यवस्था कायम की।
उनकी गिनती प्रदेश की काबिल और परिणाम देने वाली अधिकारियों में होती है। अब शिवपुरी में उनके आने से कानून व्यवस्था को और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। आम जनता को भरोसा है कि उनके नेतृत्व में पुलिस व्यवस्था और अधिक सक्रिय व संवेदनशील बनेगी।
वहीं, शिवपुरी के वर्तमान एसपी अमन सिंह राठौड़ का तबादला इंदौर में डीसीपी (जोन-2) के पद पर किया गया है। उनके कार्यकाल में भी कई अहम पहलें देखने को मिलीं।
दिलचस्प बात यह है कि यांगचेन डोलकर भूटिया के पति सूरज सिंह वर्मा को भी भिंड जिले का एसपी बनाया गया है। इस तरह दोनों अधिकारी अब पड़ोसी जिलों में जिम्मेदारी संभालेंगे।
शिवपुरी में नई एसपी के स्वागत के साथ ही लोगों में उम्मीद जगी है कि जिले में कानून व्यवस्था और मजबूत होगी तथा पुलिस-जनता के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिलेगा।