सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती महक और उसकी 3 माह की बेटी आरोही के अपहरण मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। पुलिस ने शनिवार शाम मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर मां-बेटी को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में अब पीड़िता ने कोर्ट में ऐसा बयान दिया है, जिसने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है।
महक ने कोर्ट में साफ कहा कि वायरल वीडियो दबाव बनाकर बनवाया गया था। उसने आरोपी पुष्पेंद्र चौहान के साथ जाने से इनकार कर दिया। बता दें कि इससे पहले सामने आए एक वीडियो में महक अपनी मर्जी से आरोपी के साथ जाने की बात कह रही थी, लेकिन अब पीड़िता ने उस वीडियो की सच्चाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे करैरा निवासी पुष्पेंद्र चौहान अपने करीब 10 साथियों के साथ महक के घर पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि सभी युवक हथियारों से लैस थे। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर महक और उसकी 3 माह की बेटी आरोही का अपहरण कर लिया। घटना के CCTV फुटेज भी सामने आए थे, जिसके बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया।
घटनाक्रम की 3 तस्वीरें...
महक की मां नीलम गुहारिया की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पुष्पेंद्र समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मां-बेटी को लेकर गुजरात भागने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर शनिवार शाम करीब 4 बजे पड़ोरा क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में पीड़िता ने अपनी मर्जी से जाने की बात कही थी।
पीड़िता बोली- मैं डरी हुई थी, आरोपी के साथ नहीं रहना
वायरल हो रहा वीडियो मुझसे दबाव में बनवाया गया था। मैं उस वक्त पूरी तरह डरी हुई थी। मैं अब पुष्पेंद्र के साथ नहीं रहना चाहती। अपने माता-पिता के पास ही रहूंगी।
महक पीड़िता
पुलिस पूछताछ में आरोपी पुष्पेंद्र ने दावा किया कि वह महक से प्यार करता है और दोनों साथ रहना चाहते थे, लेकिन परिवार इसका विरोध कर रहा था। हालांकि कोर्ट में महक ने आरोपी के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उसने कहा कि वह डरी हुई थी और आरोपी के साथ नहीं रहना चाहती।
मामले में महक की बहन अंजलि ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। अंजलि के मुताबिक 2021 में एक डांस प्रोग्राम के दौरान महक और पुष्पेंद्र की मुलाकात हुई थी। बाद में आरोपी महक पर दबाव बनाने लगा और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता था। बहन का आरोप है कि पुष्पेंद्र महक को देह व्यापार में धकेलना चाहता था। प्रताड़ना से परेशान होकर गर्भवती महक इंदौर से भागकर शिवपुरी अपने घर लौट आई थी, जहां उसने 15 जनवरी को बेटी आरोही को जन्म दिया।
परिजनों का कहना है कि घर लौटने के बाद भी आरोपी लगातार महक पर साथ चलने का दबाव बना रहा था। आखिरकार उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मां-बेटी का अपहरण कर लिया। फिलहाल पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस मामले ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है और अब हर किसी की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है।