पालतू कुत्ते को पीटकर किया घायल, विरोध करने पर घर में तोड़फोड़ का आरोप:शिवपुरी में पड़ोसियों पर उबला पानी डालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के फिजीकल थाना क्षेत्र अंतर्गत ढीमर मोहल्ला डांडा काली माई रोड पर पड़ोसियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पालतू कुत्ते को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया गया और जब उसके मालिक ने विरोध किया तो आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ कर मारपीट की। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर की है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित महेश बाथम पिता तुलाराम बाथम ने बताया कि उन्होंने अपने पालतू कुत्ते को बचपन से पाला है। उनका कहना है कि कुत्ते ने आज तक किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया। इसके बावजूद पड़ोस में रहने वाली सोना पत्नी मुन्ना बाथम ने कथित तौर पर कुत्ते को लेजम से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महेश का आरोप है कि कुत्ते पर उबला हुआ पानी भी डाला गया और उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

🗣️ विरोध किया तो घर पर बरसाए पत्थर

महेश बाथम के अनुसार जब परिवार ने इस घटना का विरोध किया तो सोना, उसके बेटे नीरज और रवि सहित अन्य लोग उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि आरोपियों ने घर की छत और पाटौर पर पत्थर फेंककर तोड़फोड़ की। इस दौरान मुख्य गेट और घर में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

महेश ने बताया कि घटना के समय वह मजदूरी करने गए हुए थे और घर पर उनकी पत्नी मौजूद थीं। परिवार का दावा है कि पूरी घटना की रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है, जिसे पुलिस को भी दिखाया जा सकता है। उनका कहना है कि कई बार थाने में शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

❓सवाल यह उठ रहा है कि अगर किसी विवाद में पालतू जानवर तक को निशाना बनाया जा रहा है और शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेगा? वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि लगातार धमकियों के कारण वे दहशत में जीने को मजबूर हैं।

⚠️ थाने में सुनवाई नहीं होने पर पहुंचे एसपी ऑफिस
पीड़ित महेश बाथम का कहना है कि जब फिजीकल थाने में उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई, तब उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)