खाद के लिए धूप में घंटों लाइन में खड़े किसान:बदरवास में अव्यवस्थित व्यवस्था पर फूटा किसानों का गुस्सा, न छांव मिली न पानी

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बदरवास में खाद वितरण व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच किसान घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। बदरवास के बीआरसी भवन पर खाद लेने पहुंचे किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा न तो बैठने के लिए छांव की व्यवस्था की गई और न ही पीने के पानी की कोई सुविधा उपलब्ध कराई गई।

किसानों ने बताया कि अब खाद लेने के लिए पहले ऑनलाइन टोकन लेना अनिवार्य कर दिया गया है। टोकन मिलने के बाद तय तारीख पर किसानों को बीआरसी भवन पहुंचकर भुगतान करना पड़ता है, फिर रसीद मिलने के बाद ही खाद दी जाती है। किसानों का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था का दावा तो किया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित नजर आ रही है।

☀️ तेज धूप में लाइन, किसान बेहाल

सोमवार को बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंचे। सुबह से ही लंबी लाइन लग गई और दोपहर तक लोग तेज धूप में खड़े रहे। कई किसान अपने साथ पानी की बोतल लेकर पहुंचे थे, जबकि कुछ लोग गर्मी के कारण परेशान दिखाई दिए। किसानों का कहना है कि खेती का सीजन शुरू होने वाला है और ऐसे समय में खाद के लिए इस तरह की परेशानी चिंता बढ़ाने वाली है।

🗣️ किसानों का आरोप है कि अगर शुरुआत में ही हालात ऐसे हैं तो आने वाले दिनों में स्थिति और खराब हो सकती है। उनका कहना है कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू करने से पहले प्रशासन को जमीनी स्तर पर जरूरी व्यवस्थाएं मजबूत करनी चाहिए थीं।

❓सवाल यह भी उठ रहा है कि जब प्रशासन को पहले से पता है कि खाद वितरण के दौरान बड़ी संख्या में किसान पहुंचेंगे, तो फिर छांव, पानी और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं का इंतजाम क्यों नहीं किया गया? क्या सिर्फ ऑनलाइन व्यवस्था लागू कर देना ही पर्याप्त है, या किसानों की सुविधा का भी ध्यान रखना जरूरी है?

इस मामले में कृषि विभाग बदरवास के एसएडीओ कल्लू कोली ने कहा कि फिलहाल खाद लेने आने वाले किसानों की संख्या ज्यादा नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में किसानों के बैठने के लिए छांव और पीने के पानी की व्यवस्था कर दी जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)