टोस्ट के पैकेट में निकली मरी हुई छिपकली! शिवपुरी में खाद्य सुरक्षा पर बड़ा सवाल:बच्चों को खिलाने के लिए खरीदा था टोस्ट, पैकेट खोलते ही उड़े होश

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बड़ी सब्जी मंडी के सामने स्थित एक दुकान से खरीदे गए टोस्ट के पैकेट में मरी हुई सूखी छिपकली मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया। घटना के बाद बच्चों सहित पूरे परिवार में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार कृष्ण विहार कॉलोनी निवासी सत्येंद्र धाकड़, जो जय श्री राम कृषि सेवा केंद्र के संचालक हैं, अपने बच्चों के लिए नियमित रूप से टोस्ट खरीदते हैं। हाल ही में खरीदे गए पैकेटों में से एक पैकेट बच्चों ने खा लिया था, लेकिन जब दूसरा पैकेट खोला गया तो उसमें से निकले टोस्ट के बीच मरी हुई सूखी छिपकली दिखाई दी।

सोचिए... अगर यह पहले नजर नहीं आती तो?

परिवार का कहना है कि छिपकली देखकर बच्चे घबरा गए। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि यह पैकेट बिना देखे पूरा खा लिया जाता तो क्या होता? क्या लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है? क्या खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता जांच केवल कागजों तक सीमित है?

दुकानदार बोला- सप्लायर से करेंगे शिकायत

सत्येंद्र धाकड़ तुरंत टोस्ट का पैकेट लेकर संबंधित दुकान पर पहुंचे और मामले की शिकायत की। इस पर दुकानदार ने कहा कि वह यह सामान सप्लायर से खरीदता है और पैकेट के अंदर क्या है, इसकी जानकारी उसे नहीं होती। दुकानदार ने आश्वासन दिया कि सप्लायर के आने पर मामले की शिकायत कर उचित कार्रवाई कराई जाएगी।

❓खाद्य विभाग कब लेगा संज्ञान?

इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं—
🔹 पैकिंग के दौरान गुणवत्ता जांच कहां हुई?
🔹 खाद्य उत्पाद में छिपकली कैसे पहुंच गई?
🔹 क्या संबंधित कंपनी और सप्लायर के खिलाफ जांच होगी?
🔹 क्या खाद्य सुरक्षा विभाग इस मामले का संज्ञान लेगा?

शहरवासियों का कहना है कि यह सिर्फ एक परिवार का मामला नहीं बल्कि आम जनता की सेहत से जुड़ा गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)