बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी शहर में पिछले दो दिनों से काले कुत्ते के हमलों से दहशत का माहौल बना हुआ है। शनिवार को 60 से अधिक लोगों को घायल करने के बाद रविवार को भी कुत्ते के काटने के चार नए मामले जिला अस्पताल पहुंचे। सबसे दर्दनाक घटना ढाई साल की मासूम बच्ची लेखिका कुशवाह के साथ हुई, जिसके चेहरे और मुंह पर गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टरों को 42 टांके लगाने पड़े।
परिजनों के अनुसार लेखिका कुशवाह घर की दहलीज पर खड़ी थी, तभी एक काले कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ता बच्ची को खींचकर सड़क तक ले गया। इस दौरान एक बाइक सवार ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुत्ते ने उस पर भी हमला कर दिया और मौके से भाग निकला। बच्ची का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
रविवार को भी महलसराय निवासी संजू आदिवासी सहित चार लोगों के कुत्ते के काटने के मामले सामने आए हैं। वहीं आईटीबीपी क्षेत्र से भी तीन लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। लगातार हो रहे हमलों से शहरवासियों में भय का माहौल बना हुआ है।
नगर पालिका ने कुत्ते को पकड़ा, हेल्पलाइन जारी
नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कुत्ते को पकड़ लिया है। साथ ही नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए विशेष हेल्पलाइन भी जारी की गई है।
नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि यदि आपके आसपास कोई पागल, आक्रामक अथवा घातक कुत्ता दिखाई दे तो तत्काल नगर पालिका के डॉग स्क्वॉड प्रभारी श्री छोटेलाल बाथम के मोबाइल नंबर 7898613388 पर सूचना दें अथवा नगर पालिका के किसी भी कर्मचारी को अवगत कराएं।
नगर पालिका ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल सटीक एवं प्रमाणिक सूचना देने की अपील की है। नगर पालिका की टीम द्वारा लगातार आवारा कुत्तों को पकड़कर शहर से बाहर किए जाने की कार्यवाही की जा रही है।