सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र के नयागांव में खेत के रास्ते को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद गुरुवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल एक युवक को मेडिकल कॉलेज से ग्वालियर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार गोलीबारी में एक पक्ष के महेंद्र बेस और उनके ताऊ पर्वत सिंह घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष के गजेंद्र सिंह बेस को भी गोली लगने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां महेंद्र बेस की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया।
घायल पक्ष के देवेंद्र बेस ने बताया कि उनके परिवार और मलखान बेस के बीच खेत के रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। गुरुवार सुबह महेंद्र बेस मलखान के खेत के पास से पैदल निकल रहे थे। इसी दौरान मलखान बेस और उसके बेटे गजेंद्र बेस ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।
देवेंद्र बेस का आरोप है कि सुबह हुए विवाद के बाद मामला शांत नहीं हुआ। दोपहर में मलखान बेस और उसका बेटा गजेंद्र अपने रिश्तेदारों और अन्य लोगों को साथ लेकर दोबारा गांव पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग हथियारों से लैस थे और पहले से हमला करने की योजना बनाकर आए थे।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच महेंद्र बेस अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी आरोपी पक्ष वहां पहुंचा और अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में महेंद्र बेस को गोली लग गई। उन्हें बचाने पहुंचे उनके ताऊ पर्वत सिंह को भी पैर में दो गोलियां लगीं। अचानक हुई फायरिंग से पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घायल पक्ष ने पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं। देवेंद्र बेस का कहना है कि सुबह मारपीट की शिकायत लेकर दोनों पक्ष अमोला थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उस समय कोई एफआईआर दर्ज नहीं की।
उनका कहना है कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई कर देती, तो गांव में गोलीबारी जैसी गंभीर घटना नहीं होती।
वहीं जानकारी यह भी सामने आई है कि गोलीबारी में दूसरे पक्ष के गजेंद्र सिंह बेस को भी गोली लगी है। घटना के बाद अमोला थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना प्रभारी अंशुल गुप्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।