शिवपुरी में नगर पालिका का बड़ा एक्शन: कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में सीएमओ इशांक धाकड़ की ताबड़तोड़ कार्रवाई, कोर्ट रोड मंडी से माधव चौक तक चला स्वच्छता और अतिक्रमण हटाओ अभियान

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी शहर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर पालिका पूरी तरह “एक्शन मोड” पर नजर आ रहे हैं।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के सख्त निर्देशन तथा नगर पालिका सीएमओ श्री इशांक धाकड़ के नेतृत्व में गुरुवार सुबह कोर्ट रोड स्थित सब्जी मंडी, डीपी ट्रांसफार्मर क्षेत्र, माधव चौक एवं आसपास के इलाकों में व्यापक स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

सुबह से ही नगर पालिका की टीम मैदान में सक्रिय दिखाई दी। अभियान के दौरान मंडी क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए दुकानदारों, व्यापारियों एवं ठेला संचालकों को साफ निर्देश दिए गए कि दुकानें निर्धारित सीमा के भीतर लगाई जाएं, सड़क पर सामान न फैलाया जाए और स्वच्छता के नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए।

नगर पालिका टीम द्वारा सड़क पर फैले कचरे को तत्काल हटवाया गया, वहीं गंदे एवं अस्वच्छ डस्टबिन जब्त किए गए। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलिथीन का उपयोग करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया गया कि अब समझाइश नहीं, बल्कि सीधे चालानी और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में नगर पालिका द्वारा लगातार फॉलोअप निरीक्षण भी किए जा रहे हैं। जिन दुकानदारों एवं ठेला संचालकों को पहले समझाइश दी जा चुकी थी, उन्हें पुनः अंतिम हिदायत देते हुए कहा गया कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कोर्ट रोड मंडी में डीपी ट्रांसफार्मर के आसपास अव्यवस्थित रूप से लगे ठेलों को हटवाया गया। वहीं सड़क तक सामान फैलाकर किए गए अतिक्रमण एवं पक्के कब्जों को लेकर भी संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी दी गई। नगर पालिका प्रशासन ने साफ कहा है कि यातायात एवं आमजन की सुविधा प्रभावित करने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीएमओ श्री इशांक धाकड़ ने कहा कि शिवपुरी को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के सामने कचरे के डब्बे अनिवार्य रूप से रखें तथा कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय नगर पालिका की कचरा गाड़ियों में ही डालें। दुकानों एवं ठेलों पर प्लास्टिक पॉलिथीन का उपयोग पूर्णतः बंद किया जाए।

सीएमओ ने कहा कि “हमारा एक ही उद्देश्य है — शिवपुरी शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाना। यह तभी संभव है जब नगर पालिका प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिक, व्यापारी एवं ठेला संचालक भी सहयोग करें।”

नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में शहर में स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)