बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के रातिकिरार गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मजदूरी के लिए निकले एक युवक की तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर का टायर युवक के ऊपर से गुजर गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान दीनू कुशवाह (30) पुत्र विजय सिंह कुशवाह निवासी मंशापूर्ण के रूप में हुई है। बताया गया है कि दीनू वर्तमान में बचौरा में रहकर सेंटिंग का काम करता था और मजदूरी कर अपना जीवनयापन कर रहा था। रोज की तरह वह बुधवार को भी काम के लिए निकला था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
जानकारी के अनुसार दीनू अन्य मजदूरों के साथ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मजदूरी के लिए जा रहा था। जब वाहन रातिकिरार गांव के बाहर पहुंचा तो ट्रैक्टर-ट्रॉली को कुछ देर के लिए रोका गया। इसी दौरान दीनू नीचे उतरा और सड़क पार करने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दीनू सड़क पर गिर पड़ा और देखते ही देखते ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सिरसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि दीनू का जीवन पहले से ही संघर्षों से भरा हुआ था। वह मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजारा कर रहा था। जानकारी के मुताबिक उसकी पत्नी करीब दो साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी और उसका मायका करैरा तहसील क्षेत्र में बताया गया है। अब इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है। सुबह मजदूरी पर निकला दीनू शाम तक घर लौटेगा, यह इंतजार परिवार करता रहा, लेकिन घर पहुंची तो सिर्फ उसकी मौत की खबर। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।