बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4 लाख रुपए कीमत की 15.82 ग्राम स्मैक और 50 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की है। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 4.50 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी देहात थाना क्षेत्र का निवासी है और शहर में स्मैक बेचने आया था।
कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों, हथियारों, शराब, जुआ और सट्टे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस की विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल ग्रीन व्यू के सामने फॉरेस्ट चौकी के पास पुलिया पर एक युवक स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक की घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस को देखते ही बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर बैठा युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि सरदार पुत्र काबुल सरदार, उम्र 23 वर्ष, निवासी बड़ा गांव थाना देहात, शिवपुरी बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के लोअर की जेब से पारदर्शी पन्नी में रखी 15.82 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से स्मैक और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी रवि सरदार के खिलाफ अपराध क्रमांक 389/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब स्मैक सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। टीआई रोहित दुबे ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में कुछ अहम नाम सामने आए हैं, जिन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी रोहित दुबे ने साफ कहा कि शहर में नशे का कारोबार करने वालों और नशा करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बाहर से आकर शहर में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशा कारोबारियों के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है।