बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के तिजारपुर गांव में शनिवार सुबह बच्चों के पुराने विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। गांव की सरकारी दूध डेयरी पर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाओं और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं।
घायल 22 वर्षीय शेवेन्द्र यादव ने पुलिस को बताया कि वह अपने चचेरे भाई सोनू यादव के साथ गांव की सरकारी दूध डेयरी पर दूध देने गया था। इसी दौरान गांव के जबल यादव, प्राण सिंह यादव, रजनेश यादव और नेता यादव वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में शेवेन्द्र यादव के हाथ, पैर और कमर में चोटें आईं। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे सोनू यादव को भी नहीं छोड़ा गया और उसके हाथ, पैर और कूल्हे में चोट लगने की बात सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही हरपाल यादव, ब्रजकुमारी यादव, वीकेश यादव, जीतू यादव और प्रदीप यादव मौके पर पहुंचे। लेकिन मामला शांत होने के बजाय और बढ़ गया। आरोप है कि इनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे कई लोगों के सिर, हाथ, पैर, कमर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। कुछ घायलों को खून निकलने की भी जानकारी सामने आई है।
घायल पक्ष का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। घटना के बाद गांव में तनाव जैसी स्थिति बन गई और मामला सीधे पुलिस तक पहुंचा।
वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष ने भी अपनी शिकायत मायापुर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट के आधार पर 4-4 लोगों के खिलाफ क्रॉस मामला दर्ज किया है और सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बच्चों के पुराने विवाद ने इतना बड़ा रूप कैसे ले लिया? क्या समय रहते मामला सुलझाया जाता तो यह स्थिति टल सकती थी? और क्या गांव में पहले से तनाव की स्थिति बनी हुई थी?
फिलहाल मायापुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।