आवास का सपना दिखाकर ठगी का खेल!प्रधानमंत्री आवास दिलाने के नाम पर वसूले रुपए, फर्जी नगरपालिका रसीद से लोगों को बनाया शिकार

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर कथित ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी मकान दिलाने का झांसा देकर उनसे हजारों रुपए लेने के आरोप लगे हैं। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने एक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता दीपक परिहार निवासी सईसपुरा अपने जीजा बिक्रम परिहार के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत में बताया गया कि वर्मा कॉलोनी निवासी मंजू लोधी पत्नी संजय लोधी ने मेडिकल कॉलेज के पीछे बने प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान दिलाने का भरोसा देकर उनसे 30 हजार रुपए ले लिए।

पीड़ितों का आरोप है कि विश्वास जीतने के लिए महिला ने नगरपालिका की कथित रसीद दिखाई और दावा किया कि प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसी भरोसे में आकर लोगों ने रकम जमा कर दी। बताया गया कि भुगतान फोन-पे नंबर 8269859417 पर कराया गया।

मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहा। शिकायत के अनुसार नीतू परिहार से 50 हजार रुपए, नरेश परिहार से 10 हजार रुपए और करैरा निवासी पूर्वी परिहार से 65 हजार रुपए भी लिए गए। लेकिन समय गुजरने के बाद भी किसी को आवास नहीं मिला।

जब पीड़ितों को शक हुआ तो वे महिला द्वारा दी गई रसीद लेकर नगर पालिका शिवपुरी पहुंचे। यहां उन्हें जानकारी मिली कि ऐसी कोई रसीद विभाग द्वारा जारी ही नहीं की गई थी। यहीं से पूरे कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

इस घटना के सामने आने के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। क्या और भी लोग इस मामले में ठगी का शिकार हुए हैं? क्या आवास योजना के नाम पर लंबे समय से वसूली चल रही थी? और क्या जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी सामने आएगी?

फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि इस पूरे मामले से और कौन-कौन से खुलासे सामने आते हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)