पोतनी मिट्टी लेने गई महिला की दर्दनाक मौत:मिट्टी धंसने से गड्ढे में दबी महिला, ग्रामीणों ने निकाला बाहर लेकिन नहीं बच सकी जान

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के खोड़ टपरियन क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। घर के काम के लिए पोतनी मिट्टी लेने गई एक महिला की मिट्टी धंसने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही खोड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मृतका की पहचान 42 वर्षीय सुशीला पत्नी मानसिंह पाल निवासी खोड़ टपरियन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में इन दिनों सनघटा परियोजना के तहत पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। पाइपलाइन डालने के लिए जगह-जगह गहरी खुदाई की गई थी। खुदाई के दौरान सफेद पोतनी मिट्टी निकली थी, जिसे ग्रामीण अपने घरों में उपयोग के लिए ले जा रहे थे।

गुरुवार शाम सुशीला भी उसी गड्ढे में मिट्टी निकालने पहुंची थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह गड्ढे के अंदर से मिट्टी भर रही थीं, तभी अचानक ऊपर की ढीली मिट्टी भरभराकर नीचे आ गिरी। देखते ही देखते सुशीला मिट्टी के ढेर के नीचे दब गईं। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण तुरंत महिला को बचाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मिट्टी हटाकर सुशीला को बाहर निकाला। उस समय उनकी हालत बेहद गंभीर थी। आनन-फानन में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोड़ ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन खुदाई वाले गड्ढों के आसपास किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए और न ही खतरनाक हिस्सों को सुरक्षित किया गया। ऐसे में बड़ा सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी गहरी खुदाई के बावजूद सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया?

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाए हैं कि मिट्टी निकालने के लिए लोग कई दिनों से वहां जा रहे थे, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने कभी खतरे को लेकर कोई चेतावनी नहीं दी। अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाते, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।

फिलहाल खोड़ चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं गांव में इस घटना के बाद डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)