सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के थाना बैराड़ पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग कार्रवाई कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 160 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 42 हजार रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पहली कार्रवाई दिनांक 04 मई 2026 की सुबह की गई, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पुराना रेस्ट हाउस परिसर बैराड़ में दो व्यक्ति अवैध शराब बेचने के लिए खड़े हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची, जहां आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान हेमंत रावत (30 वर्ष) और दीपक योगी (38 वर्ष) के रूप में हुई। इनके कब्जे से 100 लीटर कच्ची शराब (कीमत करीब 30 हजार रुपए) जब्त की गई।
दूसरी कार्रवाई उसी दिन दोपहर में ग्राम जरियाकलां के बालाजी मंदिर के पास की गई। यहां भी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी और दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम गिरधारी शर्मा (24 वर्ष) और आकाश शर्मा (22 वर्ष) निवासी जरियाकलां बताए। इनके पास से 60 लीटर कच्ची शराब (कीमत करीब 12 हजार रुपए) बरामद की गई।
दोनों ही मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ द्वारा अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, जिसका असर साफ दिखाई दे रहा है।
इन कार्रवाइयों में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य किया। पहली कार्रवाई में सउनि हरिओम पाण्डेय, आरक्षक लालसिंह भील, ज्ञानसिंह रावत, अखलेश धाकड़ और मनीष परिहार की भूमिका रही, जबकि दूसरी कार्रवाई में प्र.आर. हरिओम जाटव, आरक्षक लालसिंह भील, ज्ञानसिंह रावत, गिर्राज त्यागी और मनीष परिहार की विशेष भागीदारी रही।
👮♂️ बैराड़ पुलिस का सख्त संदेश — अवैध शराब का धंधा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि अब कानून का शिकंजा और कसता जा रहा है।