बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व धार्मिक आस्था, भाईचारे और उत्साह के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही शहर की ईदगाह में मुस्लिम समाज के लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने एक साथ ईद की विशेष नमाज अदा कर देश और प्रदेश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।
ईदगाह परिसर में नमाज के दौरान श्रद्धा और अनुशासन का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नमाजियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए थे, जिससे पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति और सौहार्द का माहौल कायम रहा।
इस अवसर पर कलेक्टर अर्पित शर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेंज डोलकर भूटिया, एसडीओपी संजय चतुर्वेदी, देहात थाना प्रभारी विकास यादव, यातायात थाना प्रभारी रणवीर सिंह यादव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लोगों को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
नमाज के बाद शहर काजी बली उद्दीन अहमद सिद्दीकी ने मुस्लिम समाज सहित जिलेवासियों को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद देते हुए कहा कि यह पर्व त्याग, बलिदान, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम, सामाजिक एकता और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
नमाज समाप्त होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाइयां दीं और खुशियां साझा कीं। शहर में पूरे दिन ईद को लेकर उल्लास और उत्साह का माहौल बना रहा। प्रशासन की सतर्कता और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते शिवपुरी में बकरीद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।