शिवपुरी में हनुमान प्रतिमा कुएं में फेंकने वाला आरोपी गिरफ्तार!

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कूड़ा राई गांव में हनुमान प्रतिमा को कुएं में फेंकने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। रविवार को सामने आई इस घटना से पूरे गांव में आक्रोश फैल गया था, लेकिन तेंदुआ थाना पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सोमवार को ही मामले का खुलासा कर दिया।

मामले की जानकारी तब सामने आई जब फरियादी मोहन शाक्य ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि निर्माणाधीन हनुमान मंदिर के पास कुटिया में रखी प्रतिमा को अज्ञात व्यक्ति चुराकर पास के कुएं में फेंक गया। इस घटना से ग्रामीणों और हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी देखी गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ ने तुरंत टीम गठित कर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर 27 वर्षीय हरवंश यादव से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और धारा 298 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने उसे कसम खिलाकर सच्चाई बताने के लिए दबाव बनाया था, जिससे वह नाराज हो गया। इसी गुस्से में उसने सोचा कि अगर गांव में भगवान ही नहीं रहेंगे तो उसे कसम नहीं खानी पड़ेगी, और इसी मानसिकता में आकर उसने प्रतिमा को उठाकर कुएं में फेंक दिया।

हैरानी की बात यह है कि आरोपी के परिवार ने ही मंदिर निर्माण के लिए करीब 60 हजार रुपए का सहयोग दिया था, लेकिन इसके बावजूद उसने इस तरह की हरकत कर सभी को चौंका दिया। इस घटना ने गांव में रिश्तों और सोच पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

गौरतलब है कि 21 मई को गांव में हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और भंडारे का आयोजन प्रस्तावित था। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुएं से प्रतिमा को सुरक्षित बरामद कर लिया और अब आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पूरे मामले का खुलासा कर दिया है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)