सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां आईपीएल सट्टे में भारी रकम हारने के बाद 24 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अमन भार्गव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कर्ज के बोझ और मानसिक दबाव से परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
अमन की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत झांसी अस्पताल लेकर गए, लेकिन रविवार देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और इलाके में भी शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव लेकर दिनारा थाने पहुंचे, तो पुलिस को अमन के पास से एक सुसाइड नोट मिला। इसमें उसने लिखा है कि वह आईपीएल सट्टे में करीब 5 लाख रुपए हार गया था और इसी कारण वह कर्ज में डूब गया था। इस आर्थिक और मानसिक दबाव के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
सुसाइड नोट में अमन ने तीन लोगों—शिवम यादव, राहुल राजपूत और चंदू यादव—को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। उसने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उसे सट्टा खेलने के लिए उकसाया और लगातार दबाव बनाया।
घटना के बाद मृतक की मां ने दिनारा थाने पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, झांसी से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सुसाइड नोट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।