सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पोहरी जनपद की ग्राम पंचायत एसवाया के अहेरा और मुड़खेड़ा गांवों में बुधवार रात प्रशासन द्वारा चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनते नजर आए। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी रोजमर्रा की परेशानियां खुलकर अधिकारियों के सामने रखीं, वहीं एक महिला की बात ने माहौल को हल्का और खुशनुमा बना दिया।
अहेरा गांव में चौपाल के दौरान महिलाओं ने शिकायत करते हुए कहा कि उनके इलाके में “शेर” छोड़ दिए गए हैं, जिससे गांव के लोगों और मवेशियों में डर का माहौल बना हुआ है। महिलाओं ने बताया कि जंगली जानवर कई बार मवेशियों को नुकसान पहुंचा चुके हैं। इस पर मौजूद अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि कूनो जंगल क्षेत्र में चीते छोड़े गए हैं और वह इलाका गांव से अलग है, इसलिए डरने की जरूरत नहीं है। हालांकि, कभी-कभार तेंदुआ गांव की तरफ आ सकता है।
अधिकारियों की यह बात सुनते ही चौपाल में बैठी एक महिला ने तुरंत मजाकिया अंदाज में कहा, “साहब, तेंदुआ आपके सामने आ जाए तो आप भी भाग जाओगे।” महिला के इतना कहते ही वहां मौजूद ग्रामीणों के बीच जोरदार ठहाके गूंज उठे। खुद कलेक्टर अर्पित वर्मा और अन्य अधिकारी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। कुछ देर के लिए चौपाल का माहौल पूरी तरह हल्का और हास्यपूर्ण हो गया।
इसके बाद चौपाल में ग्रामीणों की अन्य समस्याओं पर चर्चा की गई। मुड़खेड़ा गांव की महिलाओं ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को मिलने वाले भोजन को लेकर शिकायत दर्ज कराई। महिलाओं ने बताया कि भोजन वितरण करने वाला समूह कई बार समय पर नहीं पहुंचता, जिसके कारण बच्चों को नियमित रूप से खाना नहीं मिल पाता और परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित समूह को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि बच्चों के पोषण से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
गांवों में आयोजित इस चौपाल में प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी बातें रखीं। वहीं महिला की मजाकिया टिप्पणी ने चौपाल को चर्चा का विषय बना दिया, जिसकी पूरे क्षेत्र में जमकर चर्चा हो रही है।