सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में जनगणना 2027 के कार्य में लगे एक शिक्षक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक शिक्षक की पहचान दिनेश नरवरिया के रूप में हुई है। वे जनगणना ड्यूटी के सिलसिले में बाइक से जा रहे थे, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद से शिक्षा विभाग और कर्मचारी संगठनों में शोक का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक दिनेश नरवरिया बुधवार को जनगणना कार्य से संबंधित ड्यूटी के लिए निजी बाइक से निकले थे। जब वे सतनवाड़ा थाने के सामने से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। ग्वालियर में इलाज के दौरान बुधवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद से उन्हें होश नहीं आया था।
शिक्षक दिनेश नरवरिया की मौत की खबर मिलते ही शिक्षा विभाग और कर्मचारी संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। साथी कर्मचारियों ने उन्हें मेहनती और जिम्मेदार शिक्षक बताते हुए घटना पर गहरा दुख जताया है। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्य के दौरान हुई इस दुर्घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष राजेंद्र पिपलोदा ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से मृतक शिक्षक के परिवार को आर्थिक सहायता और शासकीय राहत देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनगणना सहित अन्य सरकारी कार्यों में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
पिपलोदा ने प्रशासन से सड़क हादसे के जिम्मेदार अज्ञात वाहन चालक की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग भी की है। वहीं इस घटना के बाद कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।