स्वाभिमान की रक्षा के लिए एकजुट हो ब्राह्मण समाज: शर्मा

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के वार्ड क्रमांक 8, चंद्र कॉलोनी में परशुराम कल्याण बोर्ड एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (सनातन) की संयुक्त साप्ताहिक बैठक का आयोजन पंडित श्रीकृष्ण शर्मा के निवास पर किया गया। बैठक की शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण के साथ हुई, जिसके बाद सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। पंडित रमेश चंद्र भार्गव (रातोर वाले) ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया।

बैठक के मुख्य अतिथि पंडित कुंज बिहारी पाराशर ने अपने उद्बोधन में सामाजिक समरसता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए ब्राह्मण समाज को एकजुट होने का आह्वान किया। अध्यक्षता कर रहे पंडित पुरुषोत्तम कांत शर्मा ने कहा कि आज के समय में भौतिक रूप से शस्त्र उठाने की आवश्यकता नहीं, बल्कि सत्य, ईमानदारी और अन्याय के खिलाफ नैतिक शक्ति का “फरसा” उठाना जरूरी है। तभी समाज यूजीसी एक्ट जैसे “काले कानून” का सामना कर सकता है।

परशुराम कल्याण बोर्ड के वार्ड प्रभारी पंडित एन.पी. अवस्थी ने कहा कि ब्राह्मण समाज उपेक्षा का शिकार है और उसकी संख्या व निष्ठा के बावजूद उसे उचित नेतृत्व और महत्व नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल अपने स्वार्थ पूरे होने के बाद समाज को नजरअंदाज कर देते हैं। पार्षद पंडित प्रदीप शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज के कल्याण के लिए सरकार के पास कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है, ऐसे में समान अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समाज को संगठित होकर संघर्ष करना होगा ।

बैठक में उपस्थित लोगों को साहस, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया गया। जिला महामंत्री पंडित कैलाश नारायण भार्गव ने बताया कि इस बैठक का उद्देश्य समाज को एकजुट करना और वर्तमान चुनौतियों पर सामूहिक आवाज उठाना है।

इस अवसर पर पंडित प्रभु दयाल चतुर्वेदी, देवेश कुमार पांडे (उपयंत्री), देवेंद्र कन्हौआ, रामप्रकाश शर्मा, कैलाश नारायण मुद्गल, नरेंद्र शर्मा (एडवोकेट), सुरेंद्र पाठक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पंडित हरगोविंद शर्मा ने किया और अंत में पंडित राजेंद्र पांडे ने आभार व्यक्त किया।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)