बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शिवपुरी पुलिस द्वारा लगातार ग्राम चौपाल आयोजित की जा रही हैं।
गांव और कस्बों में पहुंचकर पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और मौके पर ही उनके समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि अपराधों पर नियंत्रण और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद बेहद जरूरी है। इससे लोगों का विश्वास मजबूत होगा और छोटी समस्याएं समय रहते सुलझाई जा सकेंगी।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में 22 मई 2026 को जिले के कई थानों में ग्राम चौपाल आयोजित की गई। थाना बैराड़ द्वारा ग्राम बन्हेरा में जन चौपाल लगाई गई, जिसमें तहसीलदार दृगपाल सिंह बेस, सरपंच, वरिष्ठ नागरिकों सहित करीब 150 ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, डायल-112, साइबर फ्रॉड से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया।
वहीं थाना तेंदुआ पुलिस ने भी गांवों में पहुंचकर चौपाल लगाई और ग्रामीणों से संवाद किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से कहा कि किसी भी समस्या, अपराध, साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
✨ शिवपुरी पुलिस अब सिर्फ थानों तक सीमित नहीं, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर विश्वास की नई चौपाल सजा रही है… जहां शिकायत भी सुनी जा रही है और समाधान भी दिया जा रहा है।