चलते ट्रक में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला: बैटरी सेल से भरे ट्रक में उठीं लपटें, तहसीलदार की सतर्कता से बची बड़ी दुर्घटना

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। पचीपुरा गांव के पास सड़क पर दौड़ रहे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। हैरानी की बात यह रही कि ट्रक चालक को आग लगने की भनक तक नहीं लगी और वह वाहन चलाता रहा। इसी बीच पोहरी से बैराड़ की ओर जा रहे तहसीलदार अजय परसेड़िया की नजर ट्रक से निकल रहे धुएं और आग की लपटों पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई कर ट्रक रुकवाया और संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।

जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार शाम करीब 6:15 बजे की बताई जा रही है। ट्रक बैराड़ से पोहरी की ओर जा रहा था और उसमें बैटरी में उपयोग होने वाले सेल भरे हुए थे। चलते-चलते ट्रक के पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। चालक इससे पूरी तरह अनजान था और ट्रक आगे बढ़ता रहा।

इसी दौरान मौके से गुजर रहे तहसीलदार अजय परसेड़िया ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत ट्रक को रुकवाया। उनकी सतर्कता से समय रहते स्थिति नियंत्रण में आ गई, वरना बैटरी सेल से भरे ट्रक में आग और फैलने पर बड़ा विस्फोट या गंभीर हादसा हो सकता था।

सूचना मिलते ही बैराड़ पुलिस, फायर ब्रिगेड और पानी के टैंकर मौके पर पहुंच गए। आग बुझाने का काम तुरंत शुरू किया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि ट्रक के टायर और केबिन को सुरक्षित बचा लिया गया।

हालांकि आग ने ट्रक के पिछले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचाया। ट्रक की आधी बॉडी और उसमें भरा लगभग आधा सामान जलकर खाक हो गया। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक यदि समय रहते ट्रक नहीं रोका जाता तो यह घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी। तहसीलदार की सतर्कता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बड़ी अनहोनी टल गई।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)