करैरा में कट्टे से ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, थाना प्रभारी विनोद छावई की टीम का बड़ा एक्शन

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के करैरा थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश में घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और 07 चले हुए कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मामला थाना करैरा क्षेत्र के ग्राम दाबरभाट का है। फरियादी शंकर सिंह यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 मई की रात करीब 11 बजे पुरानी रंजिश के चलते आरोपी आशीष यादव और संजय यादव मुंह पर कपड़ा बांधकर उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने घर के बाहर गाली-गलौज करते हुए कट्टे से लगातार फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

फायरिंग के दौरान चली गोलियां फरियादी की स्कॉर्पियो गाड़ी के साइड फेंडर, मकान के लोहे के गेट और दीवार में जाकर लगीं। घटना के समय घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया है कि फरियादी के बेटे कृष्णा यादव ने घर के अंदर से छिपकर पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।

शिकायत में यह भी सामने आया कि घटना के बाद आरोपी जाते समय धमकी देकर गए कि यदि पुलिस में रिपोर्ट की तो जान से मार देंगे। मामले को गंभीरता से लेते हुए करैरा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जीरो टॉलरेंस नीति के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में करैरा थाना पुलिस सक्रिय हुई और मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और 07 चले हुए कारतूस के खोखे जब्त किए। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में इस्तेमाल हथियार कहां से लाया गया और क्या किसी अन्य व्यक्ति की भी इसमें भूमिका रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही सउनि चरण सिंह और आरक्षक संदीप सिंह चौहान की सक्रियता भी सराहनीय रही। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)