शिवपुरी के बगीचा मंदिर में पूजा को लेकर बवाल, दो पक्षों में चले लाठी-डंडे

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र स्थित बगीचा मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मंदिर परिसर में जमकर लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो रविवार को सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार यादव मोहल्ला फिल्टर रोड निवासी 55 वर्षीय अखिलेश दुबे ने पुलिस को बताया कि बगीचा मंदिर परिसर में जनता के सहयोग से राम मंदिर का निर्माण कराया गया है। इस मंदिर में पूजा-पाठ के लिए आनंद शर्मा और धर्मेंद्र शर्मा को नियुक्त किया गया है, जबकि पुराने हनुमान मंदिर की पूजा राजेंद्र गिरी महाराज द्वारा की जाती है।

अखिलेश दुबे के मुताबिक शुक्रवार को राम मंदिर के पुजारी आनंद शर्मा ने फोन कर सूचना दी कि कुछ लोग उन्हें मंदिर में पूजा करने से रोक रहे हैं। सूचना मिलने पर अखिलेश दुबे, राम मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष भोला उर्फ राजेश दुबे, नीलेश दुबे, संतोष शर्मा, प्रिंस दुबे, कालीचरण और कपिल दुबे के साथ बगीचा मंदिर पहुंचे।

मंदिर पहुंचने पर उन्होंने धीरज यादव, रवि गुर्जर, महेश गुर्जर और सोनू गुर्जर से बातचीत कर मामला शांत कराने और समझाने का प्रयास किया। लेकिन आरोप है कि इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

फरियादी पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ते ही रवि गुर्जर ने सरिया से भोला उर्फ राजेश दुबे पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे अखिलेश दुबे पर भी महेश गुर्जर ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनकी उंगलियों में चोट आई और उनका मोबाइल भी टूट गया।

इतना ही नहीं, आरोप है कि सोनू गुर्जर ने नीलेश दुबे के साथ मारपीट की, जबकि धीरज यादव ने कालीचरण पर हमला किया। मामले ने उस समय और उग्र रूप ले लिया जब कल्लू पाल बाबा सहित दो अन्य अज्ञात लोगों ने कपिल दुबे, संतोष शर्मा, प्रिंस दुबे, आनंद शर्मा और धर्मेंद्र शर्मा के साथ भी लाठी-डंडों एवं लात-घूंसों से मारपीट कर दी।

घटना के दौरान मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि सतीश शर्मा, धीरज शर्मा और छुन्नू शर्मा ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। हालांकि विवाद के बाद दोनों पक्षों में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

फरियादी पक्ष ने आरोप लगाया है कि जाते समय आरोपियों ने दोबारा मंदिर में पूजा करने आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की शिकायत करैरा थाना पुलिस से की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)