पिछोर बस स्टैंड पर बेकाबू हुआ ओवरलोड ट्रैक्टर, 9 बाइक और जनरेटर रौंदे

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग स्थित खोड़ बस स्टैंड पर रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। रेत से ओवरलोड ट्रैक्टर अचानक बेकाबू हो गया और सड़क किनारे खड़ी 9 बाइक व एक जनरेटर को रौंदता चला गया। हादसे के दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और उसमें क्षमता से अधिक रेत भरी हुई थी। बस स्टैंड के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ी बाइकों और जनरेटर पर चढ़ गया, जिससे मौके पर भारी नुकसान हुआ।

हादसे में कुशमा पत्नी कमल सिंह गुर्जर निवासी केनवाया और इमरत पिता जसुआ रजक (60 वर्ष) निवासी गणेशखेड़ा घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद चालक चलते ट्रैक्टर से कूदकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

इस हादसे के बाद एक बार फिर ओवरलोड वाहनों और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार ओवरलोड रेत से भरे वाहन दौड़ रहे हैं, लेकिन इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)