सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय मुढैरी में उच्च श्रेणी शिक्षक करण सिंह मौर्य के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार द्वारा भावभीनी विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और वंदना के साथ हुई, जहां पूरे माहौल में सम्मान और भावनाओं की झलक साफ दिखाई दी।
अपने उद्बोधन में पूर्व बीआरसी एवं प्रधानाध्यापक करण शाक्य ने कहा कि श्री मौर्य ने अपने पूरे सेवा काल में निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया।
जिला रिसोर्स ग्रुप के महावीर मुदगल ने शिक्षक की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “शिक्षक और समाज एक-दूसरे के पूरक होते हैं,” और यही कारण है कि शिक्षक का दायित्व केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं बल्कि समाज निर्माण से भी जुड़ा होता है।
वहीं सेवानिवृत्त शिक्षक करण सिंह मौर्य ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके लिए छात्रों का हित हमेशा सर्वोपरि रहा और विद्यार्थियों की सफलता ही उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा श्री मौर्य को पुष्पहार, शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व बीआरसीसी एवं प्रधानाध्यापक करण सिंह शाक्य, डीआरजी महावीर मुदगल, रामबाबू गुप्ता, संदीप शर्मा, श्रीमती वंदना गुप्ता, हेमलता शर्मा, रानी वर्मा, प्रीति शुक्ला, विजय कुमार साहू, महावीर राठौड़ एवं श्रीमती राखी श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।