क्षेत्र में नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई;दुकानों में शराब पिलाकर फैलाई जा रही थी गंदगी, नगर पालिका ने दिखाई सख्ती

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन और नगर पालिका सीएमओ श्री इशांक धाकड़ के नेतृत्व में गुरुवार सुबह नीलगर चौराहा स्थित सुभाष पार्क के पास संचालित कलारी क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका टीम ने कई दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में भारी गंदगी, प्लास्टिक कचरा और शराब की खाली बोतलें बिखरी हुई पाईं।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कुछ दुकानों में खुलेआम लोगों को बैठाकर शराब पिलाई जा रही थी। आसपास का पूरा इलाका गंदगी और दुर्गंध से प्रभावित मिला। स्थिति देखकर सीएमओ इशांक धाकड़ ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। अभियान के दौरान सांची पार्लर के आसपास गंदगी पाए जाने पर संचालक पर ₹500 का चालान किया गया और भविष्य में सफाई व्यवस्था बनाए रखने की चेतावनी दी गई ।

नगर पालिका टीम को जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली कि कलारी क्षेत्र के आसपास बने कुछ मकानों और कमरों में अवैध रूप से शराब पिलाने के “हाते” संचालित किए जा रहे हैं। इन स्थानों पर गंदगी और असामाजिक गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों ने भी नाराजगी जताई। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से नियमित कार्रवाई की मांग की।

सीएमओ श्री इशांक धाकड़ ने साफ शब्दों में कहा कि शहर को गंदगी का अड्डा बनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, अवैध गतिविधियां संचालित करने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।

अभियान के दौरान दुकानदारों और क्षेत्रवासियों को डस्टबिन का उपयोग करने, कचरा सड़क पर न फैलाने और नगर पालिका की कचरा गाड़ियों में ही कचरा डालने की समझाइश दी गई। साथ ही सफाई कर्मचारियों को कलारी क्षेत्र में नियमित सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

⚠️ नगर पालिका की चेतावनी:

यदि भविष्य में किसी दुकान, मकान या परिसर में अवैध रूप से शराब पिलाने, गंदगी फैलाने या सार्वजनिक स्थानों को प्रदूषित करने की शिकायत मिली तो संबंधित व्यक्तियों पर जुर्माना, अतिक्रमण कार्रवाई और कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)