मासूम की मौत के बाद सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणियां, आहत पिता पहुंचे थाने — तीन अकाउंट धारकों पर FIR दर्ज

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में 4 वर्षीय मासूम अनय जैन की दर्दनाक मौत के बाद सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियों का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है।

लक्ष्मीबाई रोड निवासी अभिषेक जैन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे की मौत से जुड़ी वीडियो पोस्टों पर कुछ लोगों द्वारा अमर्यादित टिप्पणियां की गईं, जिससे परिवार और समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 की रात तराना थाना क्षेत्र में बस में आग लगने की दर्दनाक घटना में 4 वर्षीय अनय जैन की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम पर घटना से जुड़े वीडियो पर कुछ कथित भड़काऊ कमेंट सामने आए, जिसके बाद पीड़ित पिता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में फेसबुक आईडी धारक राकेश जी, केदार सिंह गुर्जर और इंस्टाग्राम आईडी धारक शुभम राजपूत के नामों का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने इन टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सबूत के रूप में सौंपे, ताकि मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जा सके।

पीड़ित परिवार का कहना है कि इन टिप्पणियों से केवल परिवार ही नहीं, बल्कि दिगंबर जैन समाज, अग्रवाल समाज और शहर के नागरिकों की भावनाएं भी प्रभावित हुई हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया के जरिए माहौल खराब करने और असंतोष फैलाने की कोशिश की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब संबंधित अकाउंट्स की जांच, पहचान और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)