बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी देहात थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग बालक के साथ कथित रूप से लंबे समय तक ब्लैकमेल कर ज्यादती किए जाने का मामला सामने आने के बाद अब सवाल सिर्फ आरोपी पर नहीं, बल्कि कार्रवाई की प्रक्रिया पर भी उठने लगे हैं।
पीड़ित परिवार के अनुसार मामला सामने आने के बाद नानी न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस तक पहुंचीं, लेकिन उन्हें रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कई बार थाने के चक्कर लगाने पड़े। आखिरकार अब देहात थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित बालक ने परिवार को बताया कि करीब डेढ़ साल पहले पड़ोस में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान आरोपी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था और बाद में उसी के आधार पर उसे डराकर दबाव बनाया जाता रहा। मामला तब खुला जब बालक की स्थिति देखकर नानी को संदेह हुआ और पूछताछ में पूरी बात सामने आई।
अब इस पूरे मामले में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब परिवार मदद और शिकायत लेकर पहुंच रहा था तो FIR दर्ज करने में देरी क्यों हुई? क्या नाबालिग से जुड़े इतने गंभीर मामले में तत्काल सुनवाई नहीं होनी चाहिए थी?
आखिर पीड़ित पक्ष को बार-बार थाने के चक्कर क्यों लगाने पड़े? यह सवाल अब शहर में चर्चा का विषय बनते जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन लोगों की नजर अब इस बात पर है कि जांच कितनी तेजी और गंभीरता से आगे बढ़ती है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है।