सिंध नदी पर माइनिंग विभाग का बड़ा एक्शन: अवैध रेत उत्खनन में 10 ट्रैक्टर और 3 हाइड्रा जब्त

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र स्थित सिंध नदी के रिजौदी घाट पर माइनिंग विभाग ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 ट्रैक्टर और 3 हाइड्रा ट्रैक्टर सहित कुल 13 वाहन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई बुधवार रात कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर माइनिंग विभाग और बदरवास थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार लंबे समय से सिंध नदी के विभिन्न घाटों से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर माइनिंग विभाग ने रिजौदी घाट पर छापामार कार्रवाई की। विभागीय टीम के मौके पर पहुंचते ही वाहन चालक अपने वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

13 वाहन जब्त, थाना परिसर में खड़े कराए गए

कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए सभी 10 ट्रैक्टर और 3 हाइड्रा को पुलिस की सुपुर्दगी में बदरवास थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार सभी वाहनों के दस्तावेजों और खनिज परिवहन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

अवैध रेत कारोबारियों में मचा हड़कंप

रिजौदी घाट पर हुई इस बड़ी कार्रवाई की खबर फैलते ही अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रेत माफियाओं के खिलाफ इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

गोपालपुर क्षेत्र में भी पकड़ी गई जेसीबी

माइनिंग इंस्पेक्टर ऋषभ दीक्षित ने बताया कि रिजौदी घाट से कुल 13 वाहन जब्त किए गए हैं। इसके अलावा गोपालपुर थाना क्षेत्र में अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन भी पकड़ी गई है।

कलेक्टर न्यायालय में पेश होंगे प्रकरण

माइनिंग विभाग द्वारा सभी मामलों के प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद इन्हें कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अवैध खनन पर प्रशासन सख्त

जिले में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन अब अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)