बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के खतौरा कस्बे में दो किन्नरों के साथ कथित मारपीट और बाल काटने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
बताया जा रहा है कि नेहा अहिरवार और मुस्कान गुर्जर नामक किन्नरों के साथ 16 जून को मारपीट की गई थी। पीड़ितों का आरोप है कि उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, अपमानित किया गया और जान से मारने की धमकियां दी गईं। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा उनके बाल काटने और नकदी व आभूषण छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
जगत गुरु मां काजल ठाकुर के नेतृत्व में पहुंचे किन्नर
भोपाल से पहुंचीं जगत गुरु मां काजल ठाकुर के नेतृत्व में किन्नर समाज ने एसपी कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपे गए ज्ञापन में भावना, चांदनी खान, पायल एवं अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ज्ञापन में कहा गया कि धर्म परिवर्तन का दबाव बनाए जाने का विरोध करने पर घटना को अंजाम दिया गया।
बाल काटने और लूटपाट का भी आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके बाल काट दिए गए तथा सोने की चेन, मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, मोबाइल फोन और करीब 30 हजार रुपये भी छीन लिए गए। घटना के बाद से पीड़ित पक्ष में भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की है।
आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
किन्नर समाज ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच, पीड़ितों की सुरक्षा और सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
8 आरोपियों पर दर्ज है एफआईआर
उल्लेखनीय है कि घटना के संबंध में पुलिस पहले ही 8 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चुकी है और मामले की जांच जारी है। अब धर्म परिवर्तन के दबाव के आरोप सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि क्या पुलिस पीड़ित पक्ष की मांग के अनुसार जल्द गिरफ्तारी करेगी, या फिर मामला जांच की लंबी प्रक्रिया में उलझेगा? इस पूरे घटनाक्रम पर जिले की नजरें टिकी हुई हैं।