सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य के घर हुई 10 लाख की चोरी का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

Nikk Pandit
0
डेढ़ माह तक की रेकी, फिर वारदात को दिया अंजाम
लाख रुपये का माल और वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कार बरामद

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। थाना बदरवास, रन्नौद और इंदार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये का माल और घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बोलेरो कार बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

प्राचार्य के घर से चोरी हुए थे जेवर और नगदी

23 मई 2026 को बदरवास निवासी एवं सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य महेन्द्र कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और करीब 10 लाख रुपये नगद चोरी कर ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

300 सीसीटीवी कैमरे खंगाले, ऐसे पहुंची पुलिस आरोपियों तक

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में गठित टीमों ने बदरवास, नेशनल हाईवे और गुना शहर के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन की पहचान की गई और उसके चालक पुरुषोत्तम गुर्जर को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने गुज्जर पारदी और मंगतराम पारदी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी से पहले करीब डेढ़ महीने तक प्राचार्य के मकान की रेकी की थी ।

स्थानीय लोगों ने कराई थी रेकी

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि कुछ स्थानीय लोगों ने पारदी गिरोह से संपर्क कर उन्हें बदरवास बुलाया और मकान की जानकारी उपलब्ध कराई। पुलिस ने षड्यंत्र रचने और रेकी कराने के आरोप में मनोज परिहार, शिवजीत यादव, शिवकुमार यादव और धीरज परिहार को भी गिरफ्तार किया है।

शिवपुरी की दूसरी चोरी का भी खुलासा

पूछताछ के दौरान आरोपी गुज्जर पारदी और पुरुषोत्तम गुर्जर ने शिवपुरी के ग्राम सिंहनिवास में हुई चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। यह मामला थाना कोतवाली शिवपुरी में दर्ज है।

पुलिस टीम की बड़ी सफलता

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बदरवास उप निरीक्षक शिखा तिवारी, थाना प्रभारी रन्नौद अरविंद चौहान, थाना प्रभारी इंदार विवेक यादव, साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र जाट सहित पुलिस और साइबर टीम के कई अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सवाल उठता है...

क्या जिले में सक्रिय पारदी गिरोह की अन्य वारदातों का भी जल्द खुलासा होगा? और क्या इस गिरफ्तारी के बाद चोरी की बड़ी घटनाओं पर अंकुश लग पाएगा? फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के दिनों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)