गुड़र ब्लास्ट में दूसरी मौत: 11 वर्षीय कल्ला ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या हुई 2

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़र में बुधवार सुबह हुए भीषण विस्फोट ने एक और मासूम की जिंदगी छीन ली। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 11 वर्षीय कल्ला आदिवासी पुत्र शिशुपाल आदिवासी की गुरुवार को ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम गुड़र में स्थित प्राण सिंह प्रजापति के घर में खाना बनाते समय अचानक जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट इतना भीषण था कि मकान की दीवारें और छत भरभराकर गिर गईं तथा पूरे घर में आग फैल गई। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई थी।

हादसे के समय घर में मौजूद 4 वर्षीय जानवी प्रजापति मलबे के नीचे दब गई थी, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं पड़ोस का 11 वर्षीय कल्ला आदिवासी भी घटना की चपेट में आ गया था और गंभीर रूप से झुलस गया था।

घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया था। जहां कल्ला की हालत गंभीर होने के कारण उसे जयारोग्य अस्पताल (JAH) ग्वालियर रेफर किया गया। गुरुवार को उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

इस हादसे में रौशनी प्रजापति, प्राण सिंह प्रजापति और शिवा प्रजापति गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं। तीनों का उपचार ग्वालियर में जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में घर में रखे पेट्रोल-डीजल में आग लगने अथवा गैस सिलेंडर विस्फोट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा अभी नहीं हो सका है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया तथा विधायक प्रीतम लोधी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।

गुड़र गांव में हुए इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। दो मासूमों की मौत से गांव में शोक का माहौल है, जबकि घायल परिवारजन जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)